छत्तीसगढ़रायगढ़

किसानों की समस्याओं को लेकर सीएम से मिलने जा रहे पूर्व मंत्री अमरजीत भगत व कांग्रेसियों को ले जाया गया थाना

रायगढ़।पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के साथ कांग्रेसजनों को पुलिस व प्रशासन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात करने से रोक दिया है। पूर्व मंत्री भगत व कांग्रेसियों को कमलेश्वरपुर थाने ले जाया गया है। थाने में कांग्रेसी जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। खाद-बीज की कमी को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने जाने के दौरान रास्ते में ही कांग्रेसियों को रोककर थाने ले जाया गया है।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत का कहना है कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपाट की ओर से बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम निर्धारित था। मैनपाट क्षेत्र में बहुसंख्यक किसान आलू और टॉउ की खेती करते हैं लेकिन किसानों को खाद नहीं मिल पा रहा है।खाद की कमी के कारण किसान आलू और टाउ की खेती नहीं कर पा रहे हैं। खाद और बीज की समस्या से किसान परेशान है। किसानों की समस्याओं को दूर करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा जाना था। वे समर्थकों और कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल के साथ भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग स्थल के लिए रवाना हुए थे लेकिन बीच रास्ते में ही उन्हें रोक दिया गया।

मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने के बजाय कमलेश्वरपुर थाना ले आया गया है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में यह बड़ा दुखद है कि मुख्यमंत्री अथवा मंत्रियों से मुलाकात करने नहीं दिया जा रहा है। यदि आम लोग अपनी समस्या से मुख्यमंत्री और मंत्रियों को अवगत नहीं करा सकते हैं तो यह आपत्तिजनक है। वे शांतिपूर्वक तरीक़े से ज्ञापन सौंपने जा रहे थे लेकिन उन्हें रोक दिया गया है।

Related Articles

Back to top button