
बेटी को स्कूल छोड़ने कार से गए थे, अंतिम लोकेशन कोतबा में मिला
रायगढ़। बेटी को स्कूल छोड़ने गए जिले के लैलूंगा विधानसभा के पूर्व कांग्रेस विधायक चक्रधर सिदार के भाई 15 दिनों से लापता है। थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद भी गुम इंसान की खोजबीन और दस्तयाब नही होने से फिक्रमंद परिवार वालों में इनाम की राशि की भी घोषणा की है। इसके साथ ही भाई के तलाश के सिलसिले में पूर्व विधायक रायगढ़ पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात की है।
लैलूंगा विधानसभा के पूर्व विधायक चक्रधर सिदार के छोटे भाई जयपाल सिंह सिदार पंचायत सचिव है। 15 दिन पहले 7 जुलाई अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने के लिए अपनी सफेद रंग की स्विफ्ट कार से गए थे। इसके बाद से उनकी कोई खबर नहीं है। इस मामले को लेकर परिजनों लैलूंगा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बताया जा रहा है कि उनके मोबाइल का आखिरी लोकेशन जशपुर जिले के कोतबा के पास आ रहा है। लैलूंगा पुलिस की जांच से असंतुष्ट पूर्व विधायक चक्रधर सिदार इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात की हैं। अब परिवार वालों ने भी उनका पता बताने वाले को 21000 की इनाम की घोषणा की है।



