सद्भावना क्रिकेट मैच : जिला प्रशासन ने नागरिक एकादश को दी रोमांचक शिकस्त

सारंगढ़ बिलाईगढ़। स्वतंत्रता दिवस पर खेल भाठा मैदान में हर साल की तरह इस बार भी सद्भावना क्रिकेट मैच का रोमांच देखने को मिला। जिला प्रशासन और नागरिक एकादश के बीच हुआ यह मुकाबला अंतिम ओवर की अंतिम गेंद तक सस्पेंस से भरा रहा। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे की कप्तानी में जिला प्रशासन ने नागरिक एकादश को मात देकर जीत दर्ज की।
जीत और हार से बड़ा सबक – कलेक्टर डॉ. कन्नौजे

समापन अवसर पर कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने कहा – “जीत और हार अलग चीज है लेकिन हार से सीख लेना जरूरी है। जिस मैच का फैसला अंतिम गेंद पर हो, वह दर्शकों और खिलाड़ियों के लिए अविस्मरणीय बन जाता है।”
खेल भाईचारे का प्रतीक – एसपी आंजनेय

एसपी आंजनेय ने कहा कि यह मैच आपसी भाईचारे, एकता और सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गणतंत्र दिवस पर भी इसी तरह का आयोजन होगा।
गोल्डी नायक बने मैन ऑफ द मैच

पत्रकार गोल्डी नायक ने शानदार बल्लेबाजी के साथ तीन विकेट झटके। उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। एसडीएम अनिकेत साहू बेस्ट बल्लेबाज और डीएसपी अविनाश मिश्रा बेस्ट बॉलर चुने गए।
मैदान को मिली सौगात

पत्रकार गोल्डी नायक ने खेल भाठा मैदान में छज्जा ढलाई, प्रकाश व्यवस्था और चेकर टाइल्स की मांग रखी। कलेक्टर ने घोषणा करते हुए खिलाड़ियों को लाखों की सौगात दी।
मैच का रोमांच

पहले बल्लेबाजी करते हुए नागरिक एकादश ने 8 ओवर में 55 रन बनाए। गोल्डी नायक ने सर्वाधिक 21 रन और मनोज जायसवाल ने 12 रन जोड़े। जवाब में प्रशासन की टीम ने बढ़त बनाई लेकिन गोल्डी नायक की घातक गेंदबाजी से मैच पलट गया। अंतिम पलों में एसडीएम अनिकेत साहू और तहसीलदार प्रकाश पटेल की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने प्रशासन को जीत दिला दी।

मैच में अंपायर रमीज रजा व राजाराम उरांव और कॉमेंटेटर डॉ. बी.आर. तिवारी रहे। समापन अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार यशवंत ठाकुर और भरत अग्रवाल ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
दोनों टीमों की झलक
- जिला प्रशासन एकादश – कप्तान डॉ. संजय कन्नौजे (कलेक्टर), उपकप्तान आंजनेय (एसपी), अविनाश मिश्रा (डीएसपी), प्रकाश सर्वे (अपर कलेक्टर), अनिकेत साहू (एसडीएम), मनीष सूर्यवंशी (तहसीलदार), इंद्रजीत बर्मन (सीईओ), प्रकाश पटेल, आयुष तिवारी, नागेश्वर सिदार, जी.पी. गुप्ता।
- पत्रकार एकादश – कप्तान गोल्डी नायक, मैनेजर यशवंत ठाकुर, भरत अग्रवाल, कोच दीपक थवाईत, किशोर मनहर, गोविंद बरेठ, नरेश चौहान, संजय मानिकपुरी, टार्जन महेश, मुकेश जोल्हे, योगेश कुर्रे, मनोज जायसवाल, अश्वनी चंद्र, मिथुन यादव, समीप आनंद, फागू जोल्हे, शाहजहां बेग, विश्वनाथ बहिदार, मिलन दास महंत, दिलीप टंडन और अन्य पत्रकार साथी।




