सावन सोमवार पर उमड़ा आस्था का सैलाब — विशालपुर ताला शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़

सारंगढ़।सावन माह के पहले सोमवार को सारंगढ़ क्षेत्र के प्राचीन ताला शिव मंदिर, विशालपुर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शिवभक्तों ने जल, दूध, बेलपत्र और अन्य पूजन सामग्री के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और मंगलकामनाएं कीं।

सारंगढ़, बावाकुटी, विजयपुर, विशालपुर और आसपास के दर्जनों गांवों से भक्तजन बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचे। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में पूजा को लेकर गहरी आस्था देखने को मिली। भक्तजन “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष के साथ मंदिर की ओर बढ़ते नज़र आए।

मंदिर प्रांगण में विशेष श्रावण पूजा और भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मंदिर समिति की ओर से जलपान व प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई थी।
प्राचीन ताला शिव मंदिर न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी इस क्षेत्र की आस्था का केंद्र रहा है। सावन सोमवार जैसे पावन अवसर पर यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं।




