
रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे 49 पर ग्राम छोटे देवगांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय कुमार, पिता गुरुचरण, निवासी वार्ड क्रमांक 3, तुर्रीपारा, सरवानी के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार अजय अपनी बाइक से खरसिया से सक्ती की ओर जा रहा था। जैसे ही वह छोटे देवगांव के पास पहुंचा, रात करीब 9 बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय संभल नहीं सका और ट्रेलर की चपेट में आकर बुरी तरह कुचल गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन को डबल स्पीड में भगाकर मौके से फरार हो गया, जिससे वह किसी की पकड़ में न आ सके। घटना की सूचना मिलते ही खरसिया थाना पुलिस और 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है। इस हादसे के बाद अजय के घर में कोहराम मचा हुआ है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक होनहार बेटे की यूं अचानक मौत से पूरा गांव शोक में डूब गया है। फिलहाल पुलिस अज्ञात ट्रेलर चालक की तलाश कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।




