
रायगढ़ फोटोग्राफिक एसोसिएशन (आरपीए) ने विश्व फोटोग्राफी दिवस को पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया। सांई मंगलम कॉलोनी, टीवी टावर रोड स्थित कम्युनिटी हॉल में हुए भव्य आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा ऑन-द-स्पॉट स्ट्रीट फोटोग्राफी प्रतियोगिता, जिसमें 25 से अधिक फोटोग्राफरों ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया।
गौरी शंकर मंदिर रोड, मंदिर चौक और ग्रैंड मॉल के आसपास प्रतियोगिता का क्षेत्र तय किया गया, जहां प्रतिभागियों ने रोजमर्रा की जिंदगी, रंगीन दृश्यों और मानवीय भावनाओं को कैमरे में कैद कर रचनात्मकता का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार श्रीमती थानू चौहान ने जीता, जिन्हें प्रायोजकों द्वारा ₹10,000 मूल्य के फोटोग्राफी उपकरण प्रदान किए गए। द्वितीय पुरस्कार नंदू बेहरा को मिला, जिन्हें ₹5,000 मूल्य के उपकरण दिए गए, जबकि तृतीय पुरस्कार जुगल पटेल को मिला, जिन्हें ₹3,000 मूल्य के फोटो गुड्स से सम्मानित किया गया। इसके अलावा सनातन प्रधान, सुरेंद्र निषाद और प्रिंस को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
पुरस्कार वितरण समाजसेविका मनीषा वर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम स्थल को रंग-बिरंगी सजावट और फोटोग्राफी प्रदर्शनी से आकर्षक रूप दिया गया। सभी फोटोग्राफरों ने केक काटकर विश्व फोटोग्राफी दिवस का उल्लास साझा किया।
एसोसिएशन अध्यक्ष श्रवण चौहान और सचिव नंदू भैया ने कहा कि यह दिन फोटोग्राफरों के लिए गर्व और एकता का प्रतीक है। आयोजन ने रायगढ़ में फोटोग्राफी कला को नई पहचान दी और युवाओं को प्रेरित किया।
यह उत्सव रायगढ़ के सांस्कृतिक परिदृश्य में एक यादगार क्षण बन गया।




