स्वास्थ्य विभाग फर्जी तबादला आदेश, सीएमएचओ ने सिटी कोतवाली में दर्ज कराया स्वास्थ्य कर्मी पर अपराध

Fraud in Transfer। वर्तमान दौर में लोग अपने फायदे के लिए तरह- तरह के हथकंडे अपना रहे है। जिसमें कभी फर्जी तरीके से रकम की उगाही करते है तो दस्तावेजों की गड़बड़ी कर भूमि अधिग्रहण व रजिस्ट्रेशन करवा रहे है। इन सब से इतर अब सरकारी विभाग में भी कुटचरित करने का प्रकरण सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। दरअसल एनआरएचएम संविदा कर्मी ने फर्जी स्थानांतरण आदेश से कार्य मुक्त हो गया। इसकी भनक लगते ही जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने कोतवाली थाना में अपराध दर्ज कराया है।मिली जानकारी के मुताबिक डा अनिल कुमार जगत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला रायगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन छत्तीसगढ़ अंतर्गत रामसेवक साहू ग्रामीण चिकित्सा सहायक (संविदा) प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जतरी जिला रायगढ़ के द्वारा 19/08/2025 को कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रायगढ़ में आकर अपना स्थानांतरण आदेश मिशन संचालक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन छत्तीसगढ आदेश पत्र क्रमांक/NHM/HR/2026/1012/928 नवा रायपुर अटल नगर 13/08/2025 जिसमें प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जतरी जिला रायगढ़ से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र छुरी कला जिला कोरबा (छ0ग0) का प्रस्तुत करने पर उक्त आदेशानुसार नवीन पदस्थापना पर कार्यमुक्त किया गया था। इस दरम्यान 4 सितंबर को राज्य स्तर से जानकारी प्राप्त हुआ कि रामसेवक साहू ग्रामीण चिकित्सा सहायक (संविदा) का स्थानांतरण आदेश जारी नहीं किया गया है रामसेवक साहू द्वारा कुटरचित कर स्थानांतरण आदेश तैयार कर धोखाधड़ी किए जाने से विभाग में हड़कंप मच गया। ऐसे स्वास्थ्य अधिकारी ने तत्काल कोतवाली थाने में इस संबंध में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। जहां कोतवाली पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध धारा 318(4), 336(3), 338 बीएनएस का घटित करना पाये जाने से अपराध पंजीबद्ध कर प्रकरण को विवेचना में लिया है।



