गेरवानी अंजनी स्टील में हादसा : श्रमिक की पहले ही दिन करंट लगने से मौत, मचा बवंडर 15 लाख रूपये के मुआवजा से हुआ शांत

रायगढ़।छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला तेजी आद्योगिक पावर हब के रूप में विकसित हो रहा है। साल दर साल कई कंपनियों का पदार्पण हो रहा है। लोगों को रोजगार तो मिल रहा है लेकिन उनके जान-माल की सुरक्षा दरकिनार रहने की घटना आए दिन सामने आती है, समुचित व्यवस्था की सुध लेने वाला मानो कोई नही है। ऐसा ही एक अंजनी स्टील से सामने आया है। जहां झारखंड से आए एक मजदूर की पहले ही दिन प्लांट के अंदर करंट की चपेट में आकर जान चली गई हैं।
कोतवाली थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक फिरोज अली ने मर्ग पंचनामा की कार्रवाई करने के दौरान बताया कि मृतक मोहम्मद हैदर अंसारी पिता इदरीश अंसारी उम्र 43 साल गेरवानी में ठेकेदार के द्वारा दिए गए अस्थायी ठिकाने में निवासरत था। जो मूलतः मोहम्मद हैदर नया नगर जजिला साहेबगंज झारखंड का हैं। वह गृह ग्राम से दो दिन पहले अपने क्षेत्र के 11 साथियों के साथ ठेकेदार के बुलावे पर कार्य करने आया था। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित अंजनी प्लांट में काम मिलने पर 18 जुलाई को सभी कामगार सुबह 8:30 बजे से ही अलग-अलग जगह काम में लग गए थे। शुक्रवार को शाम करीब 5:30 बजे हैदर अंसारी काम कर ही रहा था कि अचानक विद्युत प्रवाहित तार के चपेट में आ जाने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया, वहीं हादसे की सूचना मिलते ही प्लांट में अफरा-तफरी की स्थित मच गई, जिसकी सूचना पर प्लांट के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा उसे उपचार के लिए रायगढ़ जिला अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया। ऐसे में घटना की उसके परिजनों को दी गई, जिससे परिजनों के आने पर कोतवाली पुलिस ने बयान दर्ज करते हुए शून्य में मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव को सौंप दिया है, साथ ही मर्ग डायरी पूंजीपथरा थाना को भेजने की तैयारी चल रही है, वहीं पुलिस का कहना है कि अब मर्ग जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुआवजे की मांग पर अड़े रहे परिजन
मृतक के परिजन व कंपनी प्रबंधन के बीच मुआवजे को लेकर घंटों चर्चाओं का दौर चलता रहा, इस दौरान मृतक के परिजनों का कहना था कि हैदर अंसारी घर में अकेला कमाने वाला था, ऐसे में अब इसकी मौत हो जाने से परिवार के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है, जिससे मुआवजे के तौर पर 20 लाख रुपए चाहिए। बढ़ते हुए विवाद को देखते हुए कंपनी प्रबंधन की तरफ से मृतक के परिजनों को तत्कालिक राशि के रूप में 50 हजार रुपए नगद व 15 लाख का चेक देने का आश्वासन दिया गया, तब जाकर मामला शांत हुआ।
उद्योगों में लगातार हो रहे हादसे
विगत कई माह से हादसे को लेकर अंजनी स्टील चर्चाओं में बना हुआ है, क्योकि यहां श्रमिकों के लिए सुरक्षा का पुख्ता इंतेजाम नहीं होने के कारण हर हमेशा हादसे में श्रमिक अपना जान गवां रहे हैं। वहीं भी तीन-चार माह पहले भी इसी कंपनी में बगैर सुरक्षा के ऊंचाई पर चढ़ करने के दौरान गिरने से एक श्रमिक की मौत हो गई थी, लेकिन इसके बाद भी कंपनी प्रबंधन द्वारा श्रमिकों की जान की बोली लगाते हुए सुरक्षा को दरकिनार कर काम कराया जाता है, जिसके चलते हर हमेशा इस तरह के हादसे होते रहता है।




