सारंगढ नगर पालिका में सरकारी पैसे का दुरुपयोग जेसीबी में आग लगने के 10 दिन बाद भी सीएमओ ने नहीं दी पुलिस को सूचना

सारंगढ़,
नगर पालिका परिषद सारंगढ़ में प्रशासनिक लापरवाही और मनमानी का एक और मामला सामने आया है। जिसमें 10 दिन पहले किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नगर पालिका परिसर में खड़ी जेसीबी मशीन को आग के हवाले कर दिया गया। हैरानी की बात यह है कि अब तक इस मामले की कोई शिकायत न तो स्थानीय पुलिस थाने में दर्ज कराई गई है और न ही नगर पालिका के पार्षदों को इसकी जानकारी दी गई है।
इस मामले को लेकर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। घटना को घटे हुए एक सप्ताह से भी अधिक समय हो चुका है। जिससे पालिका प्रशासन की गंभीर लापरवाही उजागर हो रही है। बहरहाल
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है, या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबा दिया जाएगा।
सीएमओं राजू से संपर्क करने का प्रयास विफल
इस मामले में सीएमओ राजू पांडेय का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क किया गया, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी। बार-बार प्रयास करने के बावजूदकोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है, जिससे पूरे घटनाक्रम को लेकर और भी संदेह गहराता जा रहा है।
पार्षद अमित तिवारी ने जताई नाराजगी

नगर पालिका पार्षद अमित तिवारी ने इस घटना को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी न तो उन्हें और न ही किसी अन्य पार्षद को दी गई। तिवारी ने इसे प्रशासन की गंभीर चूक बताया और कहा कि ऐसी घटनाओं की सूचना तुरंत पुलिस और जनप्रतिनिधियों को दी जानी चाहिए थी।
सरकारी संपत्ति को हानि, जनता में नाराजगी

इस पूरे मामले को लेकर नगरवासियों में भी नाराजगी देखी जा रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब एक सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जाता है और उसके बाद भी प्रशासन चुप्पी साधे रहता है। इससे शासन के नियमों की अनदेखी उजागर कर रही है।



