सारंगढ बिलाईगढ़ जिले से दर्शन के लिए कोसमनारा बाबाधाम आ रहे श्रद्धालुओं की बाइक को ट्रेलर ने ठोका, दो दर्शनार्थियों की मौत, तीसरा घायल…पढ़े पूरी खबर
नूनपानी गांव से चार बाइक में 11 श्रद्धालु युवकों की टोली आ रही थी बाबाधाम
सारंगढ़ से भगवान भोलेनाथ के मंदिर दर्शन करने कोसमनारा बाबाधाम आ रहे बाइक सवार युवकों को अमलीभौना बाईपास में ट्रेलर ने दर्दनाक तरीके से ठोकर मार दिया है। बेलगाम रफ्तार के कहर ने इस बार दो घर के चिराग को असमय बुझा दिया। तीसरे युवक को मामूली चोट आई है। हादसे की सूचना पर जूटमिल पुलिस ने घटना कारित ट्रेलर को जब्त कर लिया है,जबकि दुर्घटना को अंजाम देकर मौके से चालक फरार हो गया।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कोसीर थानांतर्गत ग्राम नूनपानी निवासी जनक साहू पिता पुरुषोत्तम साहू 19 वर्ष और भारत यादव पिता शिवप्रसाद 22 वर्ष बीते 27 जुलाई की शाम बाइक से गांव के तोषन चौहान के साथ कोसमनारा जाने निकला था। नूनपानी से तीनों युवकों को मिलाकर गांव से 11 युवकों की टोली 4 अलग-अलग बाइक से कोसमनारा जाने निकली थी। सभी युवक आपस मे बतियाते हुए रात लगभग सवा 10 बजे अमलीभौना बाबाधाम रोड पास पहुंचे थे। इस दौरान सामने से अपेक्षाकृत तेज और लापरवाही पूर्वक रफ्तार से ट्रेलर क्रमांक – ओडी 09 जेड 7555 चलाते आ रहे चालक ने तीन सवारी मोटरसाइकिल को ठोक दिया। बाइपास में भारी वाहन की गिरफ्त में आने से बाइक क्षतिग्रस्त होते ही तीनों युवक इस कदर गिरे कि बुरी तरह जख्मी हो गए। बताया जाता है कि घटना स्थल पर चंद सांसें लेते ही भारत यादव ने दम तोड़ दिया। वहीं, जनक साहू और तोषन चौहान को सरेराह घायल देख उसके पीछे आ रहे साथियों ने मौके की नजाकत को भांप आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई तो 112 नंबर में फोन करने पर एम्बुलेंस पहुंचते ही जख्मियों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टर ने प्राथमिक परीक्षण में ही भारत को मृत घोषित कर दिया तो सघन उपचार के बावजूद जनक साहू ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, कंधे में चोट आने पर तोषन साहू को इलाज के बाद छुट्टी दे दिया गया है। बहरहाल, मर्ग कायम करने वाली जूटमिल पुलिस ने ओड़िशा की ट्रेलर को जब्त करते हुए उसके फरार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।





